दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेंगे देश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक ऑटो : केजरीवाल ने दिखाई हरी झंडी

दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेंगे देश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक ऑटो : केजरीवाल ने दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को इंद्रप्रस्थ डिपो (आईपी) से हरी झंडी दिखाकर ई ऑटो को रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिल्ली की सड़कों पर अब देश में सर्वाधिक इलेक्ट्रिक ऑटो दौड़ते दिखेंगे।

सड़कों पर ई ऑटो उतार दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान मंच पर बुलाकर 20 ई-ऑटो चालकों को रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आर.सी) प्रदान किया। इनमें महिला चालक भी शामिल थी। उन्होंने कहा कि जल्द ही दिल्ली की सड़कों पर हजारों इलेक्ट्रिक ऑटो वाहन दौड़ने लगेंगे। प्रदूषण के रख़लाफ़ दिल्ली एकजुट होकर लड़ रही है। ई ऑटो के परिचालन से 3500 से अधिक परिवारों को रोजगार मिला है, जिनमें 500 महिलाएं भी हैं।

दिल्ली सरकार की ईवी नीति की पूरे देश में तारीफ हो रही है और दिल्ली को अब ईवी राजधानी के तौर पर देखा जा रहा है। ईवी नीति लागू होने के बाद पहले साल में ही दिल्ली में कुल वाहनों में 10 फीसदी हिस्सेदारी इलेक्ट्रिक वाहनों की रही। पिछले पांच वर्षों में इस क्षेत्र में करीब 45 हजार लोगों को रोजगार का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री ने आईपी डिपो से हरी झंडी दिखाकर सभी ई-ऑटो को रवाना किया।

इस मौके पर दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत, डीडीसी के उपाध्यक्ष जस्मीन शाह समेत परिवहन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली वासियों के लिए बहुत अच्छा दिन है कि पहली बार दिल्ली में इलेक्ट्रिक ऑटो शुरू होने जा रहे हैं। नीले रंग के ई-ऑटो में अब दिल्लीवासियों को सफर का मौका मिलेगा।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मौके पर ऑटो चालक सुनीता चौधरी से बात की। 2003 से ऑटो चला रही सुनीता ने कहा कि ऑटो चलाना बिल्कुल सुरक्षित है, कोई परेशानी नहीं है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को ई-ऑटो मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि सभी के लिए यह गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार की ईवी पॉलिसी शानदार है, जिसकी देश भर में तारीफ हो रही है। दिल्ली देश की राजधानी तो है ही, अब ईवी कैपिटल भी माना जाने लगा है। लोगों में इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है। इसका साफ मतलब है कि हमने जो ईवी पॉलिसी लागू की है वह पूर्ण तौर पर सही है।

दिल्ली की इसी नीति को देश के दूसरे राज्यों में भी लागू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दिल्ली की जनता को बधाई देते हुए जानकारी दी कि दिल्ली की सड़कों पर इलेक्ट्रिक ऑटो चलने शुरू हो गए। 20 ऑटो ड्राइवर को मैंने खुद आरसी सौंपी। इनमें महिला चालक भी हैं। बहुत जल्द दिल्ली की सड़कों पर हजारों इलेक्ट्रिक ऑटो दौड़ेंगे। प्रदूषण के खिलाफ हमारी दिल्ली एकजुट होकर लड़ रही है।