मथुरा शाही मस्जिद ईदगाह में हनुमान चालीसा पाठ का ऐलान

मथुरा शाही मस्जिद ईदगाह में हनुमान चालीसा पाठ का ऐलान

छह दिसंबर को शाही मस्जिद ईदगाह में हनुमान चालीसा का पाठ और लड्डू गोपाल का अभिषेक करने की अखिल भारत हिंदू महासभा की घोषणा के बाद सतर्क पुलिस प्रशासन ने अब पदाधिकारियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। प्रदेश प्रवक्ता संजय हरियाणा समेत पांच पदाधिकारियों को घरों में नजरबंद किया गया है। चार को हिरासत में लेकर थाने पर बैठाया गया। पुलिस की सक्रियता देख कई पदाधिकारी भूमिगत हो गए हैं। पदाधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को अपराह्न 12 बजे वह गुपचुप तरीके से ईदगाह पहुंचेंगे।

महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यश्री चौधरी के भी मथुरा सोमवार को मथुरा पहुंचने का दावा किया गया है, हालांकि उनके बारे में बाकी जानकारी गोपनीय रखी गई है। महासभा की घोषणा के बाद शाही मस्जिद ईदगाह और श्रीकृष्ण जन्मस्थान जाने वाले सभी मार्गों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। चार जोन, आठ सेक्टर में बंटे इलाके में मंगलवार सुबह आठ बजे से डीग गेट और मसानी के साथ ही हाईवे से जन्मस्थान जाने वाले मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया।

छह दिसंबर को शाही मस्जिद ईदगाह पर हनुमान चालीसा पाठ करने के अखिल भारत हिंदू महासभा के आह्वान पर पूरा जिला अलर्ट कर दिया है। ईदगाह आने जाने वाले रास्तों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया। सुबह कांवड़ में गंगा जल लेकर जा रहे महासभा के आगरा जिला प्रभारी सौरभ शर्मा को पुलिस ने भूतेश्वर चौराहा से हिरासत में ले लिया। वह जन्मस्थान की ओर का रहे थे। उन्हें कोतवाली में बैठा लिया गया है।

रविवार को दिन भर कोतवाली में बैठाए गए प्रदेश प्रवक्ता संजय हरियाणा को देर रात घर छोड़ने के बाद पुलिस ने उन्हें घर पर ही नजर बंद कर लिया। वहीं गोवर्धन में सौरभ लंबरदार, धीरज कौशिक को घर पर नजरबंद किया गया है। जिलाध्यक्ष छाया गौतम ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मुकेश पटेल और अलीगढ़ की जिलाध्यक्ष गौरी पाठक को उनके आवासों पर ही वहां की पुलिस ने नजरबंद कर लिया है।

वृंदावन और हाईवे थाने क्षेत्र में तीन पदाधिकारियों को पुलिस ने बैठा लिया है। कई पदाधिकारियों के घरों पर सोमवार को दिन में कई बार पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगे। जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि हम सभी गुपचुप तरीके से तय स्थान पर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इसलिए पदाधिकारी अपनी तैयारी कर रहे हैं।  TNI