फतेहजंग और बलविंदर लाडी ने कांग्रेस छोड़ी, भाजपा में शामिल

फतेहजंग और बलविंदर लाडी ने कांग्रेस छोड़ी, भाजपा में शामिल

पंजाब कांग्रेस में भाजपा ने बड़ी सेंध लगा दी है। गुरदासपुर के कादियां से कांग्रेस MLA फतेहजंग सिंह बाजवा और श्री हरगोबिंदपुर से MLA बलविंदर सिंह लाडी BJP में शामिल हो गए हैं। उनके साथ क्रिकेटर दिनेश मोंगिया, संगरूर से पूर्व सांसद राजदेव सिंह खालसा और पूर्व अकाली विधायक गुरतेज सिंह घुड़ियाना भी शामिल हुए है।

सबका दिल्ली में भाजपा के पंजाब चुनाव इंचार्ज गजेंद्र शेखावत ने स्वागत किया है। दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिन पहले ही पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने फतेहजंग के हक में रैली की थी। इसमें फतेहजंग को जिताने की अपील की गई थी।

भाजपा में शामिल होने वालों में फतेहजंग बाजवा चर्चित चेहरा हैं, क्योंकि वह पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान सांसद प्रताप सिंह बाजवा के भाई हैं। फतेहजंग बाजवा कादियां से दूसरी बार चुनाव लड़ने के दावेदार थे, लेकिन अचानक उनके बड़े भाई प्रताप बाजवा ने वहां से दावेदारी ठोक दी। प्रताप बाजवा ने यह भी कहा था कि उनकी हाईकमान से बात हो गई है। इसलिए वह तो चुनाव लड़ेंगे। भाई बाजवा के बारे में प्रताप ने कहा कि वह कहां से लड़ेंगे, इसके बारे में परमात्मा जाने। जिसके बाद फतेहजंग ने कांग्रेस छोड़ने की तैयारी कर ली।

फतेहजंग बाजवा कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी रहे हैं। उनको पंजाब के माझा इलाके का कद्दावर नेता माना जाता है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से पंजाब सरकार में मंत्री तृप्त राजिंदर बाजवा के साथ उनका टकराव चल रहा था। वह डिप्टी CM सुखजिंदर रंधावा से भी नाराज थे। असल में जब फतेहजंग बाजवा के बेटे को कैप्टन सरकार में सरकारी नौकरी मिली तो रंधावा ने विरोध किया। हालांकि, कैप्टन के हटने के बाद रंधावा के दामाद तरुणवीर लहल को एडिशनल एडवोकेट जनरल बना दिया गया।  TNI