झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी की पूछताछ खत्म

झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी की पूछताछ खत्म

झारखंड के जमीन घोटाला केस में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने आज साढ़े सात घंटे तक पूछताछ की। जांच एजेंसी के अधिकारी शनिवार दोपहर 1:00 बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। वे रात 8:30 बजे आवास से तीन गाड़ियों में निकले।

ED के अधिकारियों के निकलने के बाद सीएम हेमंत सोरेन एलपीएन सहदेव चौक पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कहा कि मैंने ED के सवालों के जवाब दिए हैं। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं के हौसले को सलाम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं ED के सवालों से डरने वाला नहीं हूं।

सीएम ने कहा कि झारखंड का संघर्षों का इतिहास रहा है। ना हम कभी झुके थे और ना कभी झुकेंगे। गोली खाने की जरूरत होगी तो सबसे पहले आपके नेतृत्वकर्ता के तौर पर हम गोली खाएंगे। हम कभी झुकेंगे नहीं। भाजपा पर निशाना साधते हुए हेमंत सोरेन ने कहा, वे षड्यंत्र के जाल बिछा रहे हैं। सरकार बनाने के बाद झारखंड राज्य के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ हम लोग इनके षड्यंत्रकारी जालों को कुतरकर आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, अब उनके ताबूत पर हम लोग आखिरी कील ठोकेंगे। आप घबराइए मत। हेमंत सोरेन हर एक कार्यकर्ता के साथ खड़ा रहेगा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सीएम हाउस लौट गए।

ED की टीम 9 गाड़ियों के काफिले में CM हाउस पहुंची थी। इनमें से 3 गाड़ियों में अधिकारी थे, जबकि 6 गाड़ियां उनकी सुरक्षा में तैनात थीं। ED के कुल 7 अधिकारी पूछताछ के लिए रांची पहुंचे हैं। इनमें तीन अधिकारी दिल्ली से आए हैं।